Top News

नवागत कोतवाल अवनीश कुमार हुए पत्रकारों से रूबरू, जानी क्षेत्र की समस्याएं

नवागत प्रभारी निरीक्षक  अवनीश कुमार
तिकुनियां खीरी। कोतवाली तिकुनियां के नवागत प्रभारी निरीक्षक  अवनीश कुमार ने पदभार ग्रहण करने के बाद क्षेत्र के पत्रकारों से औपचारिक मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण तथा जनसमस्याओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
कोतवाल अवनीश कुमार ने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना है। अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पत्रकारों से निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक खबरों के माध्यम से पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में सहयोग की अपील की।
बैठक के दौरान पत्रकारों ने क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं, अवैध खनन, नशे के कारोबार, यातायात समस्याओं तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। कोतवाल ने सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके निराकरण का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि आम जनता की शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाएगा और थाना परिसर में आने वाले प्रत्येक फरियादी को न्याय दिलाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
प्रेस क्लब तिकुनियां और पुलिस के बीच सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई इस बैठक में क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई। पत्रकारों ने भी पुलिस प्रशासन को हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

Post a Comment

Previous Post Next Post