Top News

सिंगहा खुर्द में वन विभाग के पिंजरे में कैद हुआ तेंदुआ, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस

बेलरायां - खीरी। वन रेंज के ग्राम सिंगहा खुर्द में कई दिनों से दहशत फैला रहा तेंदुआ आखिरकार वन विभाग के लगाए पिंजरे में कैद हो गया। रविवार रात तेंदुए के पकड़े जाने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
बताया जाता है कि बीती 25 अप्रैल को संहजना गांव में घर के बाहर सो रही संध्या पर तेंदुए ने हमला कर उसकी जान ले ली थी। इस घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया था और वन विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी किया गया था।
घटना के बाद वन विभाग ने इलाके में लगातार निगरानी शुरू करते हुए कई स्थानों पर पिंजरे लगाए थे। पिंजरों में बकरों को चारे के रूप में बांधा गया था ताकि तेंदुए को पकड़ा जा सके। इसी अभियान के दौरान दो दिन पहले कटैला फार्म में एक तेंदुआ पकड़ा गया था, जबकि रविवार रात दूसरा तेंदुआ सिंगहा खुर्द के पास लगाए गए पिंजरे में कैद हो गया।
उत्तर खीरी बेलरायां के वन क्षेत्राधिकारी भूपेंद्र चौधरी ने बताया कि तेंदुए की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही थी। उन्होंने बताया कि बीते एक महीने में यह तीसरा तेंदुआ पकड़ा गया है। पकड़े गए तेंदुए का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उच्च अधिकारियों के निर्देशानुसार उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाएगा।

Post a Comment

أحدث أقدم