सिंगाही-खीरी। मरम्मत के अभाव में सिंगाही-नौरंगाबाद रोड बेहद जर्जर हालत में पहुंच गई है। सड़क खराब होने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की मरम्मत का कार्य गन्ना विकास विभाग और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के बीच हस्तांतरण के विवाद में अटका हुआ है।
बताया जाता है कि सिंगाही कस्बे से नौरंगाबाद गांव की दूरी करीब तीन किलोमीटर है। नौरंगाबाद से आगे एक रास्ता नौबना और ढखेरवा होते हुए रकेहटी तक जाने वाला मार्ग पलिया-सिसैया स्टेट हाईवे से जुड़ता है। वहीं दूसरा रास्ता नौरंगाबाद से बथुआ होते हुए बैरिया और पढुआ के रास्ते ढखेरवा-गजियापुर रोड में जाकर मिलता है। इसके अलावा नौरंगाबाद स्थित आईटीआई कॉलेज के छात्रों का आवागमन भी इसी मार्ग से प्रतिदिन होता है, जिससे सड़क पर हर समय आवाजाही बनी रहती है।
यह सड़क गन्ना विकास विभाग द्वारा बनाई गई थी, लेकिन अब तक इसका विधिवत हस्तांतरण लोक निर्माण विभाग को नहीं हो पाया है। इसी वजह से सड़क की मरम्मत नहीं कराई जा रही है और लोगों को बदहाल सड़क पर सफर करने को मजबूर होना पड़ रहा है।
इस संबंध में निघासन ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अमनदीप सिंह ने बताया कि उनके चीनी मिल के उपाध्यक्ष रहते एक बार तथा उसके बाद भी एक बार गन्ना विकास विभाग की ओर से सड़क की मरम्मत कराई जा चुकी है। इसको लेकर पूछे जाने पर गन्ना विकास परिषद के सीडीआई प्रताप दुबे ने बताया कि गन्ना विकास विभाग की सभी सड़कें लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित की जा चुकी हैं। दूसरी ओर लोक निर्माण विभाग के जेई आर.के. नागर ने कहा कि सिंगाही-नौरंगाबाद रोड के हस्तांतरण संबंधी कोई आदेश उन्हें प्राप्त नहीं हुआ है।
Post a Comment