Top News

बाघ-तेंदुए की दहशत के बीच युवक पर हमला, वन विभाग बोला- कुत्ते ने काटा

सिंगाही (लखीमपुर खीरी) उत्तर निघासन रेंज के ग्राम लालापुरवा में रात के समय एक युवक पर अज्ञात जानवर ने हमला कर दिया, इस घटना के बाद से क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है, जबकि वन विभाग इसे आवारा कुत्ते का हमला करार दे रहा है।
 लालापुरवा निवासी छोटू सोमवार रात लगभग नौ बजे गांव के बाहर उत्तर दिशा में स्थित अपने घर के बाहर लेटा हुआ था। इसी दौरान अंधेरे में किसी अज्ञात वन्यजीव ने उस पर अचानक हमला कर दिया। हमले से घबराया युवक जान बचाने के लिए 'शेर-शेर' चिल्लाने लगा। युवक की चीख-पुकार सुनकर भारी संख्या में ग्रामीण लाठी-डंडों के साथ मौके पर दौड़ पड़े। ग्रामीणों की भारी भीड़ जुटती देख हमलावर जीव वहां से भाग निकला। अंधेरा अधिक होने के कारण ग्रामीण उक्त जानवर को देख नहीं सके।वन्यजीव के हमले में युवक छोटू की बाईं हथेली के पास गहरे निशान बने हैं। आनन-फानन में परिवारी जन  और ग्रामीण उसे बेलरायां स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सक द्वारा प्राथमिक उपचार करने के बाद युवक को घर भेज दिया गया है 
रेंजर बेलराया भूपेंद्र चौधरी ने बताया कि "घायल युवक के हाथ पर मिले निशान तेंदुए के हमले के नहीं हैं। घटना के समय उक्त व्यक्ति अत्यधिक नशे की हालत में था और कुछ भी स्पष्ट बताने में असमर्थ था। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि उसे किसी आवारा कुत्ते ने काटा है।"

Post a Comment

أحدث أقدم