Top News

प्रेमिका के लौटने से टूटा युवक, इंस्टाग्राम वीडियो साझा कर दी जान

रेशमा के साथ मृतक इरफान
सिंगाही-खीरी। थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक दर्दनाक मामला सामने आया है। करीब चार माह तक प्रेमिका के साथ रहने के बाद युवक ने इंस्टाग्राम पर भावुक वीडियो साझा कर आत्महत्या कर ली। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
        रोते बिलखते परिजन
जानकारी के अनुसार कस्बा सिंगाही के गुड़मंडी वार्ड नंबर 09 निवासी इरफान पुत्र नईम का विवाह करीब एक वर्ष पूर्व भीरा क्षेत्र की युवती रेशमा के साथ हुआ था। बताया जा रहा है कि शादी के कुछ समय बाद पारिवारिक विवाद के चलते रेशमा मायके चली गई थी। इसी दौरान इरफान का एक विवाहिता महिला से प्रेम प्रसंग हो गया।
घटना साथ पर मौजूद पुलिस
बताया जाता है कि जनवरी माह में उक्त महिला अपने पति का घर छोड़कर इरफान के साथ चली गई थी। महिला के पति ने मामले में पुलिस को तहरीर देकर इरफान के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया था। इसके बाद दोनों करीब चार माह तक लखनऊ में रहकर मजदूरी कर जीवन यापन करते रहे।
कुछ दिन पहले महिला इरफान को छोड़कर वापस अपने पति के पास लौट आई। इससे आहत होकर इरफान भी लखनऊ से वापस अपने घर आ गया। घर लौटने के बाद उसने इंस्टाग्राम पर एक भावुक वीडियो साझा किया, जिसमें प्रेमिका के बिना जीवित न रह पाने की बात कही। वीडियो में उसने अपनी मौत के बाद महिला को परेशान न करने की अपील भी की।
वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में चर्चा फैल गई। बताया जाता है कि वीडियो देखने के बाद आसपास के लोग इरफान के घर पहुंचे, जहां वह फांसी के फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार चौबे ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। बुधवार को युवक का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

Post a Comment

أحدث أقدم