निघासन-खीरी। तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस इस बार शिकायतों की संख्या से ज्यादा प्रशासनिक सख्ती और जवाबदेही तय करने के लिए चर्चा में रहा। नवागत डीएम अंजनी कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुए इस पहले समाधान दिवस में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि लंबित मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
करीब दो घंटे तक चली जनसुनवाई में कुल 125 शिकायतें सामने आईं, जिनमें सबसे अधिक मामले राजस्व विभाग से जुड़े रहे। डीएम और एसपी ने मौके पर ही 10 मामलों का निस्तारण कर त्वरित कार्रवाई का संदेश दिया, जबकि शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से निपटाने के निर्देश दिए गए। डीएम ने खासतौर पर राजस्व विभाग के अधिकारियों को चेताया कि शिकायतों के समाधान में देरी पर जवाबदेही तय की जाएगी।
कार्यक्रम की शुरुआत डीएम-एसपी द्वारा तहसील परिसर में पौधारोपण से हुई, जिसके जरिए पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। वहीं, समाधान दिवस के दौरान मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को आवास की चाबियां वितरित कर योजनाओं के धरातल पर क्रियान्वयन को भी दर्शाया गया।
गौशालाओं के सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भूसा दान करने वाले ग्रामीणों को सम्मानित किया गया, जिससे समाज में सहभागिता की भावना को बल मिला। प्रशासन ने इसे जनसहयोग का सकारात्मक उदाहरण बताया।
इस अवसर पर एसपी ख्याती गर्ग सीडीओ अभिषेक कुमार , सीएमओ, एसडीएम, सीओ समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे, जिन्हें डीएम ने निर्देशित किया कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए।
Post a Comment