Top News

सिंगाही में चोर बेखौफ: दोपहर में दुकान के सामने से बाइक लेकर फरार, 4 महीने में 3 चोरी


सिंगाही खीरी। कस्बे में चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को दिनदहाड़े एक और बाइक चोरी हो गई। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों और आम लोगों में दहशत का माहौल है। वहीं पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
थाना क्षेत्र के गांव पचपेड़ा निवासी महेश अपने भाई उमेश कुमार की मोटरसाइकिल लेकर रोज की तरह सिंगाही कस्बे के बस स्टॉप के पास अंग्रेजी शराब की दुकान के सामने स्थित अपनी दुकान पर आया था। उसने बाइक दुकान के बाहर खड़ी कर दी। दोपहर करीब ढाई बजे जब वह दुकान से बाहर निकला तो बाइक गायब मिली। काफी तलाश के बाद भी कोई जानकारी न मिलने पर उसने डायल 112 पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। दुकान मालिक फारूक के घर पर लगे कैमरे में एक संदिग्ध युवक दोपहर करीब दो बजे बाइक के पास आता दिखाई दिया। युवक कुछ देर तक बाइक के आसपास बैठा रहा और बाद में चाभी लगाकर बाइक लेकर पनवारी स्टेट हाईवे की ओर फरार हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि बीते करीब चार महीनों में कस्बे से तीन मोटरसाइकिलें चोरी हो चुकी हैं, लेकिन अब तक किसी भी घटना का खुलासा नहीं हो सका है। लगातार हो रही वारदातों से व्यापारियों और वाहन मालिकों में भय और आक्रोश है। कस्बावासियों ने पुलिस प्रशासन से बाइक चोर गिरोह का जल्द खुलासा करने, बाजार क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और सीसीटीवी निगरानी मजबूत कराने की मांग की है।

Post a Comment

أحدث أقدم