निघासन। इलाके के ढखेरवा क्षेत्र में मंगलवार रात डायल 112 की स्कार्पियो सड़क हादसे का शिकार हो गई। धौरहरा रोड पर किसी अज्ञात वाहन से टकराने के बाद स्कार्पियो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में स्कार्पियो सवार कॉन्स्टेबल अनुज और होमगार्ड आशीष घायल हो गए, जबकि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना मंगलवार रात करीब दस बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और पलटी गाड़ी में फंसे दोनों जवानों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर ढखेरवा चौकी इंचार्ज पुष्कर वर्मा पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने घायलों को तत्काल इलाज के लिए रमियाबेहड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। हादसे के चलते कुछ देर तक सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त स्कार्पियो को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया।
ढखेरवा चौकी इंचार्ज पुष्कर वर्मा ने बताया कि दोनों घायलों को गंभीर चोटें नहीं आई हैं। इलाज के बाद उनकी हालत सामान्य है।
Post a Comment