सिंगाही-खीरी। नॉर्थ खीरी डिवीजन के बेलरायां रेंज की ग्राम पंचायत सिंगहा के मजरा सहिंजना में शनिवार रात करीब दस बजे तेंदुए ने घर के बाहर सो रही एक महिला पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर सिंगाही पुलिस मौके पर पहुंच गई, जबकि वन विभाग काफी देर तक नहीं पहुंच सका।
जानकारी के अनुसार सहिंजना निवासी माता प्रसाद मौर्य की पत्नी संध्या देवी (उम्र लगभग 30 वर्ष) बिजली न होने के कारण गर्मी से राहत पाने के लिए घर के बाहर सो रही थीं। इसी दौरान रात करीब 10:40 बजे तेंदुआ आया और उन्हें उठाकर लगभग 50 मीटर दूर विक्रम मौर्य के खाली पड़े स्थान पर ले गया, जहां उसने महिला के गले पर हमला कर दिया। इस हमले में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों और गांव के लोगों के शोर मचाने पर तेंदुआ शव को छोड़कर पास के केले के खेत में चला गया। परिजनों के अनुसार मृतका का एक तीन वर्षीय बच्चा भी है, जिसका नाम गोलू है।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों की सूचना पर सिंगाही थाने के प्रभारी निरीक्षक दिलीप चौबे दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
वहीं, गांव के लोगों में वन विभाग के प्रति भारी नाराजगी देखने को मिली, क्योंकि घटना के करीब दो घंटे बाद भी विभाग का कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। तेंदुए के लगातार हो रहे हमलों से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।
Post a Comment