जलती हुई किसान की फसल
सिंगाही खीरी
सर्वेश शर्मा
सिंगाही थाना क्षेत्र के रमुवापुर गांव में सोमवार दोपहर बच्चों की लापरवाही से लगी आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते आग ने दो किसानों की करीब एक एकड़ खड़ी गेहूं की फसल को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दोनों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
सोमवार करीब साढ़े तीन बजे गांव के कुछ बच्चे नेमा देवी के खेत में गेहूं के दाने भून रहे थे। इसी दौरान तेज हवा चलने लगी, जिससे आग अचानक फैल गई। आग बढ़ते-बढ़ते पड़ोसी किसान जगदीश के खेत तक पहुंच गई और उनकी खड़ी फसल भी जलकर राख हो गई।
आग लगने की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों किसानों की फसल पूरी तरह नष्ट हो चुकी थी। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते आग नहीं बुझाई जाती, तो आसपास के अन्य खेत भी इसकी चपेट में आ सकते थे।
घटना के बाद पीड़ित किसानों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। क्षेत्रीय लेखपाल अंशुल श्रीवास्तव ने बताया कि करीब एक एकड़ फसल के नुकसान का आंकलन कर रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेजी जा रही है।

Post a Comment