Top News

एबट माउंट को मिलेगा नया रूप, इको-टूरिज्म हब के रूप में होगा विकास

                   अनुकूल डोम हट्स
चम्पावत (उत्तराखंड)।
प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सरकार लगातार नई पहल कर रही है। इसी दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद चम्पावत स्थित ऐतिहासिक एबट माउंट को इको-टूरिज्म हब के रूप में विकसित करने की योजना को प्राथमिकता दी है। इसके लिए 428.57 लाख रुपये की लागत से विस्तृत परियोजना प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।
करीब 6400 फीट की ऊंचाई पर स्थित एबट माउंट अपनी प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण के लिए पहले से ही पर्यटकों के बीच लोकप्रिय है। अब इसे आधुनिक सुविधाओं से लैस करते हुए पर्यावरण के अनुकूल पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।
जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशन में तैयार इस परियोजना का क्रियान्वयन कुमाऊं मंडल विकास निगम को सौंपा गया है। योजना के तहत यहां पर्यावरण अनुकूल डोम हट्स बनाए जाएंगे। कुल छह डोम हट्स तीन अलग-अलग ऊंचे प्लेटफॉर्म पर तैयार होंगे, जिनमें लकड़ी की डेक फ्लोरिंग और बड़ी खिड़कियां होंगी, ताकि पर्यटक हिमालयी वादियों का भरपूर आनंद ले सकें।
इसके साथ ही पैदल मार्ग, आकर्षक व्यू प्वाइंट, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, टिकट काउंटर, खेल मैदान और खान-पान की सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। खास बात यह है कि एबट माउंट की ब्रिटिशकालीन धरोहर—पुराने कॉटेज, चर्च और मॉरिस अस्पताल—को संरक्षित करते हुए पर्यटन से जोड़ा जाएगा।
सरकार का मानना है कि इस परियोजना से न केवल उत्तराखंड को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। प्रशासन ने इसे पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप तय समय में पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
उत्तराखंड से राजुल पनेरू की विशेष रिपोर्ट

Post a Comment

Previous Post Next Post