मृतक गौरव सिंह
लखीमपुर खीरी के सिंगाही थाना क्षेत्र में सुहेली नदी से मिले एक अज्ञात शव की पहचान
हो गई है। यह शव मझगई थाना कस्बा निवासी गौरव सिंह (35) पुत्र बजरंग बहादुर सिंह का है।
जानकारी के अनुसार, बीती रात मझगई वन रेंज के कर्मी गश्त पर थे। सुहेली बैराज के पास सुहेली नदी में उन्होंने एक युवक का शव तैरता हुआ देखा। वनकर्मियों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।सूचना मिलते ही सिंगाही थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
परिजनों ने बताया कि गौरव सिंह बीते मंगलवार को साइकिल से घर से मंदिर में पूजा करने के लिए निकले थे। देर शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने मझगई थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।उपनिरीक्षक आशुतोष कुमार सिंह ने पुष्टि की कि शव की पहचान हो गई है। उन्होंने बताया कि युवक की गुमशुदगी मझगई थाने में दर्ज थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।

Post a Comment