सिंगाही-खीरी। थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े सरेराह छिनैती का मामला सामने आया है। वारदात को अंजाम देने वाले दो बाइक सवार बदमाशों ने मायके जा रही महिला का कमर बिछुआ छीन लिया और इस दौरान उसके पति के साथ मारपीट भी की।
कोतवाली तिकोनिया बेलरायां के कुसाही बाजार निवासी राजू ने थाने में तहरीर देकर बताया कि वह अपनी पत्नी सविता को बाइक पर बैठाकर थाना क्षेत्र निघासन के ग्राम अदलाबाद स्थित अपने ससुराल जा रहा था। रास्ते में थाना सिंगाही क्षेत्र के घोसियाना मोड़ और सरयू पुल के बीच पीछे से एक बाइक पर सवार होकर दो युवक आए। पीछे बैठे युवक ने उसे लात मारकर गिरा दिया। इसके बाद दोनों बदमाशों ने उसकी पत्नी का पहना हुआ कमर बिछुआ लूट लिया और फरार हो गए।
घटना में राजू के चेहरे पर चोट आई है। मामले की जानकारी मिलने पर प्रभारी निरीक्षक के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। उसी दिन शाम को पुलिस ने दोनों लुटेरों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम विक्रम और गोपी, निवासी प्रीतम पुरवा, कोतवाली निघासन बताया। इसके बाद पुलिस ने राजू को बुलाकर दोनों आरोपियों की पहचान कराई और उनसे लूटा हुआ कमर बिछुआ भी बरामद कर लिया। इसके बाद दूसरे दिन सोमवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।
Post a Comment