Top News

भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, 235 किलो खाद के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

 

तिकुनियां (लखीमपुर खीरी)। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसएसबी के जवानों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नेपाल ले जाई जा रही 235 किलोग्राम उर्वरक खाद बरामद की है। इस दौरान दो भारतीय नागरिकों को मोटरसाइकिल सहित हिरासत में लिया गया। जब्त खाद, मोटरसाइकिल और दोनों आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय तिकुनियां के सुपुर्द कर दिया गया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, 4 नवंबर 2026 को एसएसबी को सूचना मिली कि कुछ लोग कोवाखेड़ा घाट के रास्ते भारत से नेपाल की ओर यूरिया और अन्य उर्वरक खाद की तस्करी करने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर बाह्य सीमा चौकी (बीओपी) रननगर और जी समवाय खखरौला के जवानों ने गश्त और निगरानी बढ़ा दी।


इसी क्रम में सुबह करीब 8:45 बजे सीमा स्तंभ संख्या 708 से लगभग 200 मीटर भारत की ओर, कोवाखेड़ा घाट से नेपाल जाने वाले रास्ते पर जवानों ने काले रंग की बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल (नंबर UP31CM1744) को रोका। मोटरसाइकिल पर दो व्यक्ति सवार थे और उस पर खाद की बोरियां लदी हुई थीं।


तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल से डीएपी खाद की दो बोरियां, जिनका कुल वजन 100 किलोग्राम, तथा यूरिया खाद की तीन बोरियां, जिनका कुल वजन 135 किलोग्राम बरामद हुईं। कुल पांच बोरियों में 235 किलोग्राम उर्वरक खाद जब्त की गई।


पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान राजेश कुमार (35), पुत्र परमेश्वर, निवासी ग्राम रायपुर तथा सुरेंद्र (32), पुत्र शिवकुमार, निवासी ग्राम रामनगर, थाना तिकुनियां, जिला लखीमपुर खीरी के रूप में हुई है।


एसएसबी ने नियमानुसार जब्त खाद, मोटरसाइकिल और दोनों आरोपियों को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय तिकुनियां को सौंप दिया। सीमा पर एसएसबी की इस कार्रवाई से खाद की अवैध तस्करी करने वालों में हड़कंप मच गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post