Top News

प्रेम प्रसंग में युवक-युवती की मौत से सनसनी पढ़ुआ थाना क्षेत्र में एक ही खेत के अलग-अलग पेड़ों पर मिले शव, आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

निघासन-खीरी। पढ़ुआ थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह बेलवापुरवा गांव के उत्तर स्थित एक खेत में दो शव अलग-अलग पेड़ों से लटके मिले। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को नीचे उतरवाकर शिनाख्त कराई और मामले की जांच शुरू कर दी।

मिली जानकारी के अनुसार बेलवापुरवा गांव के उत्तर रामलखन कश्यप के खेत में सोमवार सुबह ग्रामीणों ने दो शव देखे। मृतकों की पहचान बेंचेपुरवा निवासी राम खेलावन की 22 वर्षीय पुत्री रमा और पचासा गांव निवासी श्रीधर के 17 वर्षीय पुत्र जितेंद्र के रूप में हुई। दोनों अलग-अलग गांवों के रहने वाले थे। ग्रामीणों के मुताबिक जितेंद्र लखनऊ में मजदूरी करता था। जबकि रमा शादीशुदा होने के बावजूद अपने मायके बेंचेपुरवा में रह रही थी। बताया जाता है कि रमा की बड़ी बहन की ससुराल जितेंद्र के घर के सामने है। रमा का अपनी बहन के यहां अक्सर आना-जाना होता था। ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। हालांकि दोनों की मौत के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। बताया जाता है कि रमा की शादी करीब एक साल पहले हुई थी, जबकि जितेंद्र अविवाहित था। दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या कारण रहे यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। घटना की सूचना पर सीओ शमशेर बहादुर सिंह और पढ़ुआ थानाध्यक्ष मोहित पुंडीर घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।लेकिन युवक-युवती ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post