सिंगाही (लखीमपुर खीरी)। कस्बे के मूल निवासी रिटायर्ड आईआरएस अधिकारी संजय पंत ने एक बार फिर दरियादिली दिखाते हुए नगर से सटी ग्राम पंचायत भेड़ौरा के चिरकुआ स्थित संविलियन विद्यालय के बच्चों के लिए इन्वर्टर और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था कर सराहनीय पहल की है। उनके इस प्रयास की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
मूल रूप से सिंगाही कस्बे के रहने वाले संजय पंत वर्तमान में बेंगलुरु में रहते हैं। वह जहाजरानी मंत्रालय के अंतर्गत संचालित ड्रेजिंग इंडिया कॉरपोरेशन में निदेशक हैं। व्यस्त कार्यक्षेत्र के बावजूद उनका अपनी मातृभूमि से गहरा लगाव बना हुआ है। यही वजह है कि वह समय-समय पर क्षेत्र के लोगों और जरूरतमंद बच्चों की मदद के लिए आगे आते रहते हैं।
वर्ष 2025 में मेले के दौरान सिंगाही आए संजय पंत ने कस्बे के वार्ड नंबर दो स्थित ब्राह्मण टोला के विद्यालय में बच्चों के बैठने के लिए बेंच दान की थीं। इसी दौरान जब वह चिरकुआ गांव पहुंचे और वहां के विद्यालय की स्थिति का जायजा लिया, तो बच्चों ने उनसे साफ और ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की थी।
बच्चों की इस मांग को गंभीरता से लेते हुए संजय पंत ने हाल ही में सिंगाही आने पर विद्यालय में रोजाना पांच केन प्यूरीफायर का स्वच्छ पानी भेजने की व्यवस्था कर दी। इसके लिए होने वाला भुगतान भी वह स्वयं करेंगे। इसके साथ ही विद्यालय में बिजली की समस्या के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए एक सेट इन्वर्टर भी लगवाया है।
संजय पंत की इस पहल से विद्यालय के बच्चों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होने के साथ ही बिजली की समस्या से भी राहत मिलेगी। अपनी मातृभूमि के प्रति उनका समर्पण और बच्चों की जरूरतों को समझते हुए मदद के लिए आगे आने की भावना एक बार फिर चर्चा में है।

Post a Comment