Top News

डीएल बनवाकर लौट रहे युवक की हादसे में मौत, बस खाई में गिरी; 18 से अधिक यात्री घायल बाइक से टक्कर के बाद अनियंत्रित हुई बस, तीन गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर

 

लखीमपुर खीरी। मितौली थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर ओदरहा बरौला फार्म के पास एक सड़क हादसे ने कई परिवारों को मुश्किल में डाल दिया। सामने से आ रही बाइक को टक्कर मारने के बाद तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर पानी से भरी खाई में जा गिरी। हादसे में बाइक सवार 25 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार 18 से अधिक यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

मोहम्मदी क्षेत्र के मुजफ्फरपुर मजरा रसूलपुर निवासी जान मोहम्मद (25) पुत्र मोहम्मद शकील अपने मामा राशिद पुत्र अफसरदीन निवासी सर्वांगपुर के साथ डीएल बनवाने के लिए लखीमपुर गए थे। सोमवार को दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान मितौली क्षेत्र में ओदरहा बरौला फार्म के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन सड़क किनारे पानी से भरी खाई में जा गिरा। हादसे में बाइक चला रहे जान मोहम्मद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके मामा राशिद घायल हो गए।

चीख-पुकार के बीच चला राहत-बचाव कार्य

बस खाई में गिरते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। मदद के लिए चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकलवाया। घायलों को मितौली, गोला, बेहजम समेत आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद बस चालक, सावित्री देवी (60) और कल्लू (61) की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

हादसे में नसीम बानो (40), रूपराम (58), सीता, शांति देवी, कौशल, रत्न देवी, सविता देवी, संगीता, जूली, इरशाद, अलीमुन निशा, नगीना, समीर, समा, रूबीना, जरीना, कृष्णव (20), कमल किशोर (45), रोशन (40) समेत अन्य यात्री घायल हुए हैं। सभी घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार कराया गया। बाद में क्रेन की मदद से बस को खाई से बाहर निकलवाया गया।

परिवार का सबसे बड़ा बेटा था जान मोहम्मद

हादसे की सूचना मिलते ही जान मोहम्मद के परिवार में कोहराम मच गया। उसकी मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे दो बेटियां और तीन बेटे छोड़ गया है। वह छह भाइयों में सबसे बड़ा था और परिवार का सहारा था। अचानक हुए हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

घटनास्थल पर पहुंचे सीओ यादवेंद्र यादव समेत पुलिसकर्मियों ने दुर्घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ के मुताबिक, शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post