लखीमपुर खीरी। लखीमपुर से सीतापुर जा रही तेज रफ्तार वर्ना कार रविवार की आधी रात ओयल में एक ट्रांसफार्मर से टकरा गई, जिससे कार में भीषण आग लग गई। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर आग बुझाई।
हादसा रात करीब दो बजे लखीमपुर-सीतापुर फोरलेन पर थाना खीरी के कस्बा ओयल में हुआ। पुलिस के मुताबिक लखीमपुर शहर की शिव कॉलोनी निवासी आयुष कुमार वर्ना कार से अपने पांच दोस्तों के साथ सीतापुर जा रहा था। ओयल कस्बे के पास उसकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और फुटपाथ क्रॉस कर नीचे खेत में उतर कर वहां लगे ट्रांसफार्मर से टकरा गई। इससे जोरदार धमाका हुआ और बिजली के तार टूटकर कार पर गिर गए। देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई और धू-धू कर जल उठी। सभी कार सवार अंदर ही फंस गए। चीख पुकार मचने पर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। थोड़ी देर बाद पुलिस और फायर बिग्रेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई। टीम ने किसी तरह से आग बुझाई। हादसे में शिव कॉलोनी निवासी आयुष कुमार, राजापुर निवासी शिवा सिंह, पिपरिया निवासी आकाश वर्मा की मौत हो गई, जबकि पीयूष सिंह निवासी शिव कॉलोनी, अमन वर्मा और उत्कर्ष गंभीर रूप से झुलस गए। सभी को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से झुलसे तीनों लोगों की हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने लखनऊ रेफर किया है। पुलिस ने तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं। थाना खीरी प्रभारी निरीक्षक अविनाश सिंह ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

Post a Comment