निघासन-खीरी। बाढ़ की स्थिति के बीच शुक्रवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रभावित गांवों का दौरा कर जमीनी हालात परखे। उपजिलाधिकारी यदुवीर सिंह और तहसीलदार देवेंद्र मणि त्रिपाठी मुख्य मार्ग पर पानी भरने के कारण नाव से दौलतापुर पहुंचे। अधिकारियों ने गांव के मजरा सुरजी पुरवा, कोरियाना और नौगवां में पहुंचकर बाढ़ की स्थिति देखी और ग्रामीणों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
दौलतापुर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगाए गए दवा वितरण कैंप का भी अधिकारियों ने निरीक्षण किया। उन्होंने कैंप में उपलब्ध दवाओं और ग्रामीणों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। एसडीएम ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि बाढ़ की आपदा में प्रशासन उनके साथ है। प्रभावित लोगों को जरूरत के अनुसार हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जा रही है।
इसके बाद अधिकारियों ने लुधौरी के मजरा पुरैना का रुख किया, लेकिन रास्ते में पानी अधिक होने के कारण गांव तक नहीं पहुंच सके। अधिकारियों ने मौके से ही बाढ़ की स्थिति की जानकारी ली।
जसनगर में कटान और बचाव कार्यों का निरीक्षण
जसनगर पहुंचकर एसडीएम ने मोहाना नदी के कटान से उत्पन्न स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर चल रहे बचाव कार्यों को देखा और अधिकारियों से अब तक किए गए कार्यों की जानकारी ली। नदी के बढ़ते कटान को देखते हुए बचाव कार्यों में तेजी बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

Post a Comment