Top News

रुपये का लालच देकर साढ़े चार साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म।

 


सिंगाही (लखीमपुर खीरी)। थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार सुबह साढ़े चार साल की बच्ची के साथ करीब 50-60 वर्षीय व्यक्ति द्वारा दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। गंभीर हालत में बच्ची को पहले निघासन सीएचसी और बाद में जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

बताया जाता है कि सिंगाही-बेलरायां मार्ग स्थित गांव में प्राथमिक विद्यालय के पास पीड़िता और आरोपी के घर आमने-सामने हैं। रविवार सुबह आरोपी खलील पर बच्ची को रुपये देने का लालच देकर अपने घर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप है।

घटना के बाद बच्ची जब घर पहुंची तो उसकी हालत देखकर परिजनों के होश उड़ गए। परिजनों के पूछने पर बच्ची ने घटना के बारे में बताने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान वह बेहोश हो गई। इसके बाद परिजन आरोपी के घर पहुंचे। आरोप है कि आरोपी ने फावड़ा लेकर उन्हें दौड़ा लिया।

परिजनों ने तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पीआरबी वैन मौके पर पहुंची और पुलिसकर्मियों ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। घटना की जानकारी सिंगाही थाना प्रभारी राज बहादुर सिंह को दी गई। पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर बच्ची को तत्काल निघासन सीएचसी भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

सिंगाही थाना प्रभारी राज बहादुर सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

أحدث أقدم