Top News

बिजली के प्लग से खेलते समय मासूम को लगा करंट, मौत बचाने पहुंची किशोरी भी करंट की चपेट में आई, सीएचसी में चल रहा उपचार

 



निघासन (लखीमपुर खीरी)। कोतवाली क्षेत्र के जोखीपुरवा गांव में मंगलवार दोपहर बिजली के करंट की चपेट में आने से एक वर्षीय मासूम की मौत हो गई। मासूम को बचाने पहुंची किशोरी भी करंट लगने से घायल हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

जोखीपुरवा निवासी रामचरन की पत्नी मंगलवार दोपहर घरेलू कामकाज में व्यस्त थी। बताया गया कि उसका एक वर्षीय बेटा आदित्य बार-बार उसे परेशान कर रहा था। इस पर वह बच्चे को पड़ोस में रहने वाले अश्वनी कुमार के घर छोड़ आई।

कुछ देर बाद आदित्य वहां खेलते-खेलते बिजली के पंखे के प्लग के पास पहुंच गया। परिजनों के मुताबिक, बच्चे ने प्लग मुंह में रख लिया, जिससे उसे तेज करंट लग गया और वह गंभीर रूप से झुलस गया। आदित्य को बिजली के प्लग से चिपका देख अश्वनी कुमार की बेटी सुभाषिनी उसे बचाने के लिए पहुंची। बच्चे को छुड़ाने के प्रयास में सुभाषिनी भी करंट की चपेट में आ गई और बेहोश होकर गिर पड़ी।

हादसे की जानकारी होते ही परिजन दोनों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने जांच के बाद आदित्य को मृत घोषित कर दिया। वहीं, सुभाषिनी का उपचार किया जा रहा है।

मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

Post a Comment

أحدث أقدم