ईसानगर (लखीमपुर खीरी)। घाघरा नदी में नहाने के दौरान गहरे पानी में जाने से तीन किशोरियां डूबने लगीं। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद एक किशोरी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि दो किशोरियां लापता हो गईं। दोनों की तलाश में स्थानीय गोताखोरों के साथ पुलिस टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। पुलिस ने एसडीआरएफ को भी सूचना दी है।
ईसानगर थाना क्षेत्र के हटवा मजरा फिरोजाबाद निवासी प्यारे की पुत्रियां शैलेद्री (10) और सुनीता (15) तथा गांव निवासी रामप्रसाद की पुत्री गोल्डी (11) सोमवार सुबह करीब 10 बजे घाघरा नदी के किनारे स्थित खेत देखने गई थीं। खेत देखने के बाद वापस लौटते समय तीनों नदी के किनारे पहुंच गईं और नहाने लगीं।
नहाते समय अचानक तीनों किशोरियां गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण नदी की ओर दौड़े और बचाव अभियान शुरू किया। ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद शैलेद्री को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया, लेकिन सुनीता और गोल्डी का पता नहीं चल सका।
घटना की सूचना मिलते ही ईसानगर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों व स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों लापता किशोरियों की तलाश शुरू कराई। नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस ने एसडीआरएफ को भी सूचना दी है। टीम के पहुंचने के बाद व्यापक स्तर पर तलाशी अभियान चलाए जाने की तैयारी है।
सीओ धौरहरा शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि दोनों किशोरियों की तलाश के लिए पुलिस टीम मौके पर मौजूद है। स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। एसडीआरएफ को सूचना दी गई है। टीम के पहुंचने के बाद तलाशी अभियान को और तेज किया जाएगा।

Post a Comment