निघासन-खीरी। सोमवार को विधायक शंशाक वर्मा ने तहसील प्रशासन के अधिकारियों के साथ बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा कर ग्रामीणों का हाल जाना। विधायक ट्रैक्टर से तहसीलदार के साथ दौलतापुर के मजरा नौगवां और सुरजी पुरवा पहुंचे। उन्होंने बाढ़ की स्थिति, ग्रामीणों की समस्याओं और राहत व्यवस्था का मौके पर जायजा लिया। दौरे के दौरान विधायक ने बाढ़ प्रभावित गांवों में लेखपालों की भूमिका को लेकर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में लेखपालों की गांव में मौजूदगी बेहद जरूरी है, ताकि ग्रामीणों की समस्याओं की तत्काल जानकारी प्रशासन तक पहुंच सके और राहत कार्य प्रभावित न हों। विधायक ने तहसीलदार को निर्देश दिए कि ड्यूटी से नदारद रहने वाले लेखपालों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
विधायक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में हर हाल में भोजन, सुरक्षा और दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए। ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी रखने पर जोर दिया।
इस दौरान नायब तहसीलदार अभिषेक सिंह, राजस्व निरीक्षक लक्ष्मण यादव, आपदा मित्र रवि तिवारी समेत राजस्व विभाग की टीम मौके पर मौजूद रही।
दिलीप यादव, निघासन

Post a Comment