Top News


 निघासन-खीरी। तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश और शनिवार रात चली तेज आंधी से निघासन क्षेत्र में जनजीवन प्रभावित हो गया है। कई गांवों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जबकि मोहाना नदी के आसपास के क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। बारिश और तेज हवाओं से धान, गन्ना, उड़द और केले की फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। रविवार को बारिश और हवा थमने से लोगों ने कुछ राहत महसूस की, लेकिन बिजली और पानी की समस्या बनी रही।


रविवार को एसडीएम यदुवीर सिंह, तहसीलदार देवेंद्र मणि त्रिपाठी और नायब तहसीलदार अभिषेक कुमार ने राजस्व कर्मचारियों के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। एसडीएम ने मोहाना नदी से प्रभावित गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्रभावित लोगों को आवश्यक मदद का भरोसा दिलाया। वहीं तहसीलदार ने दौलतापुर, लालबोझी और नौगवां गांव पहुंचकर बाढ़ के हालात का निरीक्षण किया।

बम्हनपुर-दौलतापुर मार्ग पर पुलिया के पास जलभराव को देखते हुए तहसीलदार ने राहगीरों को सतर्क करने के लिए मार्ग के दोनों ओर लाल झंडियां लगवाईं। ग्रामीणों से नदी की तलहटी और तालाबों के आसपास जाने से बचने की अपील की गई है।

लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव होने से बरसाती पानी घरों में घुस गया। ग्रामीणों को ट्यूबवेल और अन्य साधनों से घरों से पानी निकालना पड़ा। शुक्रवार से बाधित बिजली आपूर्ति रविवार तक बहाल नहीं हो सकी, जिससे पेयजल समेत अन्य समस्याओं का सामना करना पड़ा।


पहले से खेतों में जमा बारिश और बाढ़ के पानी से फसलों को नुकसान हो रहा था। शनिवार रात तेज आंधी ने किसानों की मुश्किलें और बढ़ा दीं। तेज हवा और बारिश से खेतों में खड़ी धान, गन्ना, उड़द और केले की फसलें प्रभावित हुई हैं। किसानों का कहना है कि खाद-बीज की बढ़ती लागत और कर्ज के बीच फसल बर्बाद होने से उनकी आर्थिक स्थिति पर अतिरिक्त बोझ पड़ा है।

एसडीएम यदुवीर सिंह ने बताया कि क्षेत्र की सभी बाढ़ चौकियों को अलर्ट रखा गया है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में आवागमन के लिए नावों की व्यवस्था की गई है। राजस्व लेखपालों को प्रभावित क्षेत्रों में मौजूद रहकर स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। तहसील प्रशासन ने फसलों और अन्य नुकसान का आकलन कराने के लिए राजस्व टीमों को लगाया है। टीमें प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कर रिपोर्ट तैयार करेंगी। एसडीएम ने ग्रामीणों से किसी भी आपदा या आपात स्थिति में प्रशासन से तत्काल संपर्क करने की अपील की है।

Post a Comment

أحدث أقدم