लखीमपुर खीरी।
जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने दो अलग-अलग मुठभेड़ों में सात वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीन आरोपियों के पैर में गोली लगी। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे, कारतूस, चोरी व लूट का सामान, नकदी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
पहली कार्रवाई में थाना फरधान और नीमगांव पुलिस की संयुक्त टीम बेल रोड स्थित नायरा पेट्रोल पंप के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हसरत अली उर्फ छोटा तालिब (24), निवासी गौरिया और अमान खान उर्फ मान (25), निवासी पठाननपुरवा, थाना फरधान के रूप में हुई है। इनके पास से दो देशी तमंचे 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा, एक मिस कारतूस, करीब 20 मीटर छिला हुआ कॉपर तार और 10 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं। दोनों आरोपी फरधान, नीमगांव और मितौली समेत कई थानों में दर्ज चोरी व अन्य मामलों में वांछित बताए गए हैं।
वहीं, दूसरी कार्रवाई में पसगवां थाना पुलिस ने लूट की घटना का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, मछेठा नहर पटरी के पास आरोपियों को रोकने का प्रयास किया गया तो एक आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी मुन्ना उर्फ मुशाफिर के पैर में गोली लगी। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने उसके चार साथियों परवेज आलम, शरपुद्दीन, सर्वेश और निब्बू लाल को भी गिरफ्तार कर लिया।
पसगवां पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 42 हजार रुपये नकद, दो जोड़ी पुरानी पायल, चांद टीका, काला बैग, दस्तावेज, 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें भी पुलिस ने कब्जे में ली हैं।
पुलिस ने दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर लिया है। घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है और गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

إرسال تعليق