सिंगाही (लखीमपुर खीरी)। दुधवा नेशनल पार्क डिवीजन की बेलरायां रेंज की टीम ने रात्रिकालीन गश्त के दौरान मसुरहा पेट्रोल पंप के पास खैर की लकड़ी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्राली पकड़ी है। ट्राली से करीब 20 बोटे खैर की लकड़ी बरामद हुई है। कार्रवाई के दौरान ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। वन विभाग की टीम ट्रैक्टर-ट्राली और लकड़ी को कब्जे में लेकर बेलरायां रेंज कार्यालय ले गई है।
बेलरायां रेंज के रेंजर राकेश तिवारी ने बताया कि 17 अगस्त की रात वह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में रात्रिकालीन गश्त कर रहे थे। इसी दौरान दुधवा नेशनल पार्क के बफर जोन के बघौड़िया जंगल की ओर से एक ट्रैक्टर-ट्राली आती दिखाई दी। शक होने पर वन विभाग की टीम ने उसका पीछा किया।
मसुरहा गांव के पास स्थित पेट्रोल पंप से बघौड़िया जाने वाले खड़ंजा मार्ग पर टीम ने ट्रैक्टर-ट्राली को रोकने का प्रयास किया। वन विभाग की टीम को देखकर चालक ट्रैक्टर से कूदकर मौके से फरार हो गया। इसके बाद टीम ने ट्राली की तलाशी ली तो उसमें जंगल से काटे गए करीब 20 बोटे खैर की लकड़ी बरामद हुई।
वन विभाग की टीम लकड़ी समेत ट्रैक्टर-ट्राली को बेलरायां रेंज कार्यालय ले गई है। रेंजर राकेश तिवारी ने बताया कि बरामद लकड़ी दुधवा पार्क क्षेत्र से काटी गई है या नॉर्थ डिवीजन के जंगल से, इसकी जांच की जा रही है। साथ ही ट्रैक्टर मालिक और लकड़ी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।


إرسال تعليق