Top News

बैरिया गौशाला में मृत मिले गोवंश, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप

 

गौशाला में जांच करने पहुंचे एसडीएम यदुवीर सिंगाही

निघासन-खीरी। सरकार की ओर से गौशालाओं की व्यवस्था सुधारने के लगातार दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी तस्वीर अब भी सवाल खड़े कर रही है। रविवार को निघासन तहसील क्षेत्र के बैरिया स्थित गौशाला का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसमें कई गोवंशीय पशु मृत पड़े दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद गौ रक्षक दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

मामले की जानकारी मिलते ही एसडीएम यदुवीर सिंह और रबियाबेहड़ बीडीओ संध्या गुप्ता बैरिया गौशाला पहुंचीं। अधिकारियों ने गौशाला की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मौके पर मौजूद लोगों से जानकारी ली। पशु चिकित्सकों की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया।

यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब पशुपालन विभाग के अपर निदेशक अजय कुमार कनौजिया शनिवार को ही जिले की गौशालाओं का निरीक्षण कर लौटे थे। इसके ठीक अगले दिन बैरिया गौशाला में गोवंश की मौत की तस्वीर सामने आने से निरीक्षण व्यवस्था और गौशालाओं में निगरानी की प्रभावशीलता पर सवाल उठ रहे हैं।

एसडीएम यदुवीर सिंह के मुताबिक, निरीक्षण के दौरान एक गाय मृत मिली। उनके अनुसार यह गाय तेंदुए के हमले में घायल हुई थी। इसके अलावा दो अन्य गोवंश भी मृत पाए गए हैं। मामले की जांच के लिए पशु चिकित्सकों की टीम मौके पर पहुंच गई है।

अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही गोवंश की मौत के वास्तविक कारणों और इसमें किसी तरह की लापरवाही की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Post a Comment

أحدث أقدم