डांगा (लखीमपुर खीरी)। खादी और ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईसी) की प्रमुख योजनाओं की जानकारी देने के लिए लखनऊ से आए अधिकारियों ने गुरुवार को ग्राम पंचायत बेलपरसुवा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में 100 से अधिक महिलाओं और पुरुषों ने भाग लिया। योजनाओं की जानकारी पाकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।
केवीआईसी अधिकारियों ने बताया कि भारत सरकार की योजनाओं का लाभ लेने के इच्छुक लोग 20-20 लोगों के समूह बना सकते हैं। इन समूहों को प्रशिक्षकों द्वारा 15 दिनों तक निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान जलपान की व्यवस्था भी सरकार की ओर से की जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षण पूरा करने के बाद पात्र महिला एवं पुरुषों को स्वरोजगार के लिए इलेक्ट्रॉनिक सिलाई मशीन उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा योजनाओं के तहत पॉपकॉर्न बनाने की इलेक्ट्रॉनिक मशीन, बढ़ईगीरी से संबंधित मशीन समेत विभिन्न प्रकार के उपकरण भी जरूरत और योजना के अनुसार उपलब्ध कराए जाएंगे।
अधिकारियों ने कहा कि भारत सरकार की योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीणों को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें रोजगार के लिए भटकना न पड़े और योजनाओं का लाभ लेने के लिए बैंकों के अनावश्यक चक्कर भी न लगाने पड़ें।
अधिकारियों ने बताया कि इसी क्रम में अगला जागरूकता कार्यक्रम ग्राम पंचायत कड़िया, ब्लॉक एवं तहसील निघासन, लखीमपुर खीरी में आयोजित करने की योजना है।
रिपोर्ट : तौफीक अहमद

Post a Comment