सिंगाही (लखीमपुर खीरी) स्वतंत्रता दिवस देशभर में उत्साह और गर्व के साथ मनाया जाता है, लेकिन उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले की नगर पंचायत सिंगाही भेड़ौरा में इस राष्ट्रीय पर्व का नजारा कुछ अलग ही होता है। यहां स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस पर मेला मैदान में होने वाला सामूहिक ध्वजारोहण वर्षों से कस्बे की एक खास परंपरा और सामूहिक एकता का प्रतीक बना हुआ है।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सुबह से ही कस्बे के विभिन्न स्कूलों के बच्चे हाथों में तिरंगा लेकर मेला मैदान पहुंचने लगते हैं। देखते ही देखते पूरा मैदान बच्चों, शिक्षकों और नगर के जिम्मेदार एवं संभ्रांत नागरिकों से भर जाता है। अलग-अलग स्कूलों की वेशभूषा में पहुंचे नन्हे-मुन्ने बच्चे जब देशभक्ति के नारों और गीतों से वातावरण को गुंजायमान करते हैं तो पूरा माहौल राष्ट्रप्रेम से सराबोर हो उठता है।
निर्धारित समय पर नगर पंचायत अध्यक्ष मोहम्मद कय्यूम द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाता है। जैसे ही तिरंगा आसमान में लहराता है, पूरा मेला मैदान देशभक्ति के रंग में रंग जाता है। राष्ट्रगान के दौरान हजारों कदम एक साथ ठहर जाते हैं और हर चेहरा तिरंगे के सम्मान में गर्व से उठ जाता है।
इस अवसर की एक और खासियत यह है कि आयोजन को केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रखा जाता। नगर के विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभाशाली बच्चों और समाज के सम्मानित एवं संभ्रांत नागरिकों को मंच से सम्मानित किया जाता है। इससे बच्चों का उत्साह बढ़ता है और समाज में शिक्षा, प्रतिभा तथा सामाजिक योगदान के प्रति सम्मान की भावना भी मजबूत होती है।
इस बार भी सिंगाही भेड़ौरा में स्वतंत्रता दिवस इसी परंपरा और उत्साह के साथ मनाया गया। चेयरमैन मोहम्मद कय्यूम ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय पर्व की गरिमा को बनाए रखते हुए प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं और सम्मानित नागरिकों को मंच से सम्मानित किया।
सिंगाही भेड़ौरा का यह आयोजन केवल ध्वजारोहण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि पूरे कस्बे के एक साथ तिरंगे के नीचे खड़े होने और राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करने का अवसर बन चुका है। यही वजह है कि हर वर्ष स्वतंत्रता दिवस का यह सामूहिक आयोजन कस्बे की पहचान और सामाजिक एकता की मिसाल बनकर सामने आता है।
यहां तिरंगा सिर्फ मेला मैदान में नहीं लहराता, बल्कि हर दिल में देशभक्ति का जज्बा जगा जाता है। इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस की 80 वीं वर्षगांठ पर नगर पंचायत की ओर रामकुमार जायसवाल, सुनील बत्रा , हरद्वारी लाल गुप्ता समेत कई लोगों को सिंगाही रत्न से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही चेयरमैन मोहम्मद कय्यूम की ओर से प्रतिभाशाली बच्चों को ग्यारह हजार रूपये और लैपटॉप दिया गया।




Post a Comment