Top News

मोहाना नदी में नाव डूबी, दो लोग लापता; दो तैरकर निकले

 

तिकुनियां (लखीमपुर खीरी)। मोहाना नदी के उफनाने से खेतों में भरे पानी के बीच गुरुवार को पशुओं के लिए चारा लेकर लौट रही एक नाव बीच नदी में डूब गई। नाव पर सवार चार लोगों में से दो लोग तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि दो लोग नदी की तेज धारा में लापता हो गए। दोनों लापता लोगों की तलाश शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, मोहाना नदी का जलस्तर बढ़ने से क्षेत्र के अधिकांश खेत पानी में डूबे हुए हैं। इससे पशुओं के चारे की समस्या खड़ी हो गई है। नदी के दूसरी ओर स्थित कुछ खेतों में घास उपलब्ध होने के कारण ग्रामीण प्रतिदिन नाव के जरिए नदी पार कर चारा लेने जा रहे हैं।



गुरुवार को बाबापुरवा गांव निवासी रंजीत और बलराम तथा क्योटली निवासी अशोक व रामकुमार पशुओं के लिए घास लेने नाव से नदी पार गए थे। चारा लेकर लौटते समय करीब दोपहर एक बजे उनकी नाव मोहाना नदी के बीच में अचानक डूब गई। हादसे के बाद क्योटली निवासी अशोक और बाबापुरवा निवासी रामकुमार किसी तरह तैरकर नदी से बाहर निकल आए, लेकिन रंजीत और बलराम का कोई पता नहीं चल सका।

नाव डूबने की सूचना मिलते ही नदी के किनारे ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर इंस्पेक्टर अवनीश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और लापता लोगों की तलाश शुरू कराई। एसडीएम यदुवीर सिंह तहसीलदार देवेन्द्रमणि त्रिपाठी के साथ सिंचाई विभाग के अधिकारी कानूनगो और लेखपाल भी मौके पर पहुंच गए हैं । नदी में लापता दोनों ग्रामीणों की तलाश के लिए राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है। एसडीएम के अनुसार एनडीआरएफ की टीम सर्च आपरेशन शुरू करने जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post