Top News

असम से छुट्टी लेकर लौट रहे एसएसबी हेड कांस्टेबल की सड़क हादसे में मौत, राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार


शहीद हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार सिंह
पलिया कलां (लखीमपुर-खीरी)। असम से छुट्टी लेकर अपने घर लौट रहे सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार सिंह का पार्थिव शरीर जब तिरंगे में लिपटकर पलिया नगर के मोहल्ला पठान पहुंचा तो पूरे क्षेत्र की आंखें नम हो गईं। राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
 इस दौरान एसएसबी और पुलिस के जवानों ने शस्त्र उलटकर तथा अंतिम सलामी देकर वीर सपूत को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
एसएसबी इंस्पेक्टर वीरेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार सिंह सशस्त्र सीमा बल की 61वीं वाहिनी, भैराबकुंड (असम) में तैनात थे। छुट्टी लेकर घर लौटने के दौरान पश्चिम बंगाल में हुए सड़क हादसे में उनका निधन हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
अंतिम संस्कार में पुलिस क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह परिहार, प्रभारी निरीक्षक शिवाजी दुबे, एसएसबी के अधिकारी एवं जवान, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, शिक्षक, व्यापारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत जवान के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया।
वीर सपूत की अंतिम यात्रा में उमड़े जनसैलाब ने देशभक्ति के नारों के बीच उन्हें अश्रुपूरित विदाई दी। पूरे क्षेत्र में गमगीन माहौल रहा और हर किसी ने प्रदीप कुमार सिंह की कर्तव्यनिष्ठा तथा देशसेवा को नमन किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post