लखीमपुर खीरी। जिले के प्रसिद्ध बाबा लिलौटीनाथ मंदिर परिसर स्थित पवित्र तालाब में रविवार को एक विशाल मगरमच्छ दिखाई देने से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंदिर में दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं ने तालाब के पानी में हलचल देखी। कुछ देर बाद करीब 8 से 10 फीट लंबा मगरमच्छ पानी की सतह पर दिखाई दिया। मगरमच्छ को देखते ही श्रद्धालु तत्काल तालाब के किनारे से हट गए और मंदिर प्रबंधन को इसकी सूचना दी। बाबा लिलोंटीनाथ मंदिर का यह तालाब धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। प्रत्येक सोमवार तथा विशेष पर्वों पर यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में तालाब में मगरमच्छ दिखाई देने से लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर समिति के सदस्य और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। वहीं, वन विभाग को भी सूचना दे दी गई है। वन विभाग की टीम के पहुंचने तक श्रद्धालुओं से तालाब के पास न जाने की अपील की गई है। फिलहाल मगरमच्छ तालाब में ही मौजूद बताया जा रहा है। वन विभाग की टीम उसके सुरक्षित रेस्क्यू की योजना बना रही है, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और वन्यजीव को बिना नुकसान पहुंचाए सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा सके।
निघासन से दिलीप यादव की रिपोर्ट
Post a Comment