Top News

नगर पंचायत ने छात्रों को दी सौगात,लाइब्रेरी का शुभारंभ, आधुनिक संसाधनों से लैस लाइब्रेरी में विद्यार्थी करेंगे निःशुल्क अध्ययन

निघासन(लखीमपुर खीरी)। नगर पंचायत निघासन ने क्षेत्र के विद्यार्थियों को एक महत्वपूर्ण शैक्षिक सौगात देते हुए सुविधाओं से लैस डिजिटल लाइब्रेरी का लोकार्पण कराया। नगर पंचायत कार्यालय के सामने स्थापित इस लाइब्रेरी का उद्देश्य छात्रों को बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराना है, जहां वे निःशुल्क बैठकर प्रतियोगी परीक्षाओं एवं नियमित पढ़ाई की तैयारी कर सकेंगे। लाइब्रेरी का उद्घाटन विधान परिषद सदस्य अनूप गुप्ता, अवनीश सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता तथा वरिष्ठ भाजपा नेता राजेश्वर सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
अतिथियों ने इस पहल को शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय कदम बताते हुए कहा कि इससे ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण अध्ययन का बेहतर अवसर मिलेगा। मुख्य अतिथि एमएलसी अनूप गुप्ता ने बताया कि विद्यार्थियों को शांत, सुरक्षित और आधुनिक अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डिजिटल लाइब्रेरी का निर्माण कराया गया है। यहां इंटरनेट, अध्ययन सामग्री और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे छात्र-छात्राएं बिना किसी शुल्क के अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगे। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत आगे भी शिक्षा को बढ़ावा देने वाली योजनाओं को प्राथमिकता देगी। इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी दिनेश शुक्ल, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अमनदीप सिंह, भाजपा नेता दयाशंकर मौर्य, प्रधान केडी, विपिन मौर्य, संजय गिरि सहित नगर के गणमान्य नागरिक, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।

Post a Comment

أحدث أقدم