लखीमपुर-खीरी। जनपद के थाना ईसानगर पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पच्चीस हजार के इनामी वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध देशी तमंचा, दो जिंदा कारतूस तथा चोरी किये गये 1700 रुपये बरामद किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी धौरहरा के निकट पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी ईसानगर के नेतृत्व में मंगलवार को पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर ग्राम मितौला बाजार तिराहा के पास से वांछित अभियुक्त जियालाल पुत्र रंगीलाल निवासी ग्राम पूरब बेती मजरा बेती सहदेव, थाना ईसानगर को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 315 बोर का एक अवैध देशी तमंचा, दो जिंदा कारतूस तथा चोरी के दो मामलों से संबंधित कुल 1700 रुपये नकद बरामद हुए। इनमें मुकदमा संख्या 11/2026 से संबंधित 1000 रुपये तथा मुकदमा संख्या 538/2025 से संबंधित 700 रुपये शामिल हैं। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध हत्या के प्रयास, चोरी, अवैध शस्त्र रखने, गैंगस्टर अधिनियम सहित एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे थाना ईसानगर में दर्ज हैं।
إرسال تعليق