Top News

उपाध्यक्ष और उप सचिव का चुनाव टला, सीएलएफ की महिलाओं में नाराजगी

मझगई (लखीमपुर खीरी)। आदर्श प्रेरणा संकुल स्तरीय संघ (सीएलएफ) बेलरायां में गुरुवार को प्रस्तावित उपाध्यक्ष और उप सचिव पद का चुनाव ऐन मौके पर स्थगित कर दिए जाने से महिला सदस्यों में नाराजगी फैल गई। शपथ ग्रहण समारोह और चुनाव की तैयारियां पूरी होने के बावजूद अंतिम समय में चुनाव रोकने के मौखिक निर्देश दिए गए, जिससे कार्यक्रम स्थल पर मौजूद ग्राम संगठन और कार्यकारिणी (ईसी) की महिलाओं ने विरोध जताया।
महिलाओं का कहना है कि पहले दो-तिहाई पदों पर चुनाव कराने की अनुमति दी गई थी। इसके बाद 28 जुलाई को सभी पांचों पदों पर चुनाव कराने के निर्देश जारी हुए, लेकिन मतदान शुरू होने से ठीक पहले उपाध्यक्ष और उप सचिव पद का चुनाव रोक दिया गया। उनका आरोप है कि बार-बार आदेश बदलने से लोकतांत्रिक प्रक्रिया प्रभावित हो रही है और महिला सदस्यों में भ्रम की स्थिति बन रही है।
महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही चुनाव की नई तिथि घोषित नहीं की गई तो वे जिलाधिकारी से शिकायत करेंगी और जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन भी करेंगी। उन्होंने उपायुक्त (स्वतः रोजगार) पर मनमानी का आरोप लगाते हुए विरोध दर्ज कराने की बात कही।
उधर, आदर्श प्रेरणा संकुल की प्रबंधक शिक्षा शुक्ला ने बताया कि अपरिहार्य कारणों से शपथ ग्रहण समारोह तथा उपाध्यक्ष एवं उप सचिव पद का चुनाव फिलहाल स्थगित किया गया है। नई तिथि की सूचना बाद में
जारी की जाएगी।
रिपोर्ट: शिव आसरे गुप्ता

Post a Comment

Previous Post Next Post