निघासन(लखीमपुर खीरी)।
जिलाधिकारी एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के निर्देश पर मंगलवार को खण्ड शिक्षा अधिकारी धर्मेश कुमार ने क्षेत्र में बिना मान्यता संचालित विद्यालयों के विरुद्ध सघन अभियान चलाया। कार्रवाई की सूचना मिलते ही अवैध रूप से विद्यालय संचालित कर रहे संचालकों में हड़कंप मच गया।
अभियान के दौरान खण्ड शिक्षा अधिकारी ने लालपुर रोड स्थित मॉडर्न गुरुकुल एकेडमी, पलिया स्टेट हाईवे स्थित दुबहा में संचालित सूरज प्रसाद रमा देवी सरस्वती विद्या मंदिर, बम्हनपुर के धर्मापुर रोड स्थित मां शारदा पब्लिक स्कूल तथा मां सरस्वती ज्ञानोदय पब्लिक स्कूल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में मौजूद स्टाफ से मान्यता संबंधी अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन कोई भी विद्यालय आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा सका। इस पर खण्ड शिक्षा अधिकारी ने संबंधित विद्यालय संचालकों को नियमानुसार कार्रवाई के लिए चिन्हित किया। खण्ड शिक्षा अधिकारी धर्मेश कुमार ने बताया कि बिना मान्यता संचालित विद्यालयों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की है कि बच्चों का प्रवेश केवल मान्यता प्राप्त विद्यालयों में ही कराएं, ताकि विद्यार्थियों का भविष्य सुरक्षित रह सके।
إرسال تعليق