लखीमपुर खीरी। जिले में यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने और तेज रफ्तार वाहनों पर निगरानी बढ़ाने के लिए शुक्रवार को लखीमपुर खीरी पुलिस को एक अत्याधुनिक इंटरसेप्टर वाहन उपलब्ध कराया गया। पुलिस लाइन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने हरी झंडी दिखाकर इस वाहन को रवाना किया।
यह इंटरसेप्टर वाहन आधुनिक तकनीक से लैस है। इसमें स्पीड डिटेक्शन रडार, हाई रेजॉल्यूशन कैमरे, नंबर प्लेट पहचान यानी एएनपीआर प्रणाली और अन्य जरूरी उपकरण लगाए गए हैं। इनकी मदद से ओवरस्पीडिंग, खतरनाक ड्राइविंग और यातायात नियमों के अन्य उल्लंघनों पर मौके पर ही प्रभावी कार्रवाई की जा सकेगी। एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने इस अवसर पर कहा कि सड़क सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि इंटरसेप्टर वाहन के संचालन से राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर यातायात नियमों का बेहतर अनुपालन सुनिश्चित होगा। इससे न केवल नियम तोड़ने वालों पर लगाम लगेगी बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी लाने में मदद मिलेगी।
Post a Comment