Top News

शारदा का जलस्तर बढ़ते ही सुतिया नाले का अस्थायी बांध टूटा, ग्रामीणों में बढ़ी बाढ़ की चिंता

वर्तमान मौके की स्थिति बहता हुआ पानी
निघासन (लखीमपुर खीरी)। ग्राम पंचायत लुधौरी के लालबोझी गांव में सिंचाई विभाग द्वारा सुतिया नाले पर बनाया गया अस्थायी बांध शारदा नदी का जलस्तर बढ़ते ही टूटने लगा। इसके बाद शारदा नदी का पानी फिर से घाघी नाले की ओर बहने लगा, जिससे आसपास के गांवों के लोगों में बाढ़ की आशंका बढ़ गई है।
सिंचाई विभाग द्वारा कराया गया पूर्व में बांध का निर्माण
ग्रामीणों ने बताया कि शारदा नदी से आने वाला सुतिया नाले का पानी घाघी नाले में मिलने के बाद  लुधौरी , मदनापुर, खमरिया , पुरैना में  हर वर्ष बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न कर देता है। आगे बढने पर यही पानी , लालपुर, भजनपुरवा, बरोठा, आदि गांवों में भी भरता है। इसी खतरे को देखते हुए सिंचाई विभाग ने लालबोझी गांव के पश्चिम दिशा में सुतिया नाले के भीतर बालू और मिट्टी से भरी बोरियों की सहायता से अस्थायी बांध बनाया था, ताकि शारदा नदी का पानी घाघी नाले में न पहुंच सके।
इस साल भी  शारदा नदी का जलस्तर बढ़ते ही यह अस्थायी बांध टूटने लगा ह और वहां से पानी दोबारा घाघी नाले में बहने लगा। इससे क्षेत्र के लोगों की चिंता बढ़ गई है और ग्रामीणों को बाढ़ का खतरा सताने लगा है।
इस संबंध में सिंचाई विभाग, शारदानगर के सहायक अभियंता (एई) अखिलेश कुमार से जानकारी ली गई। उन्होंने बताया कि उन्हें अभी बांध टूटने की सूचना नहीं मिली है। जानकारी मिलने पर मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post