निघासन खीरी। गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन वापस दिलाने में सीईआईआर पोर्टल एक बार फिर मददगार साबित हुआ। निघासन थाना पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और लगातार प्रयासों से 17 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं। बरामद फोन की कुल अनुमानित कीमत करीब ₹2.5 लाख आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, जिन लोगों ने अपने फोन खो जाने के बाद वापस मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी, सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर उन सभी फोन को ट्रेस किया गया। तकनीकी टीम ने इएमईआई नंबर के जरिए फोन की लोकेशन निकाली और दबिश देकर मोबाइल बरामद किए।
बरामद सभी मोबाइल फोन के वैध मालिकों को निघासन थाना परिसर बुलाया गया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद एक-एक करके सभी को उनके फोन सुपुर्द किए गए। फोन वापस पाकर लोगों के चेहरे पर खुशी साफ दिख रही थी। कई लोगों ने पुलिस टीम के प्रयासों की सराहना की। पुलिस क्षेत्राधिकारी शिवम कुमार ने लोगों से अपील की है कि फोन गुम या चोरी होने पर तुरंत नजदीकी थाने में सूचना देने के साथ-साथ http://ceir.gov.in पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराएं। इससे फोन ब्लॉक हो जाता है और नेटवर्क पर चालू होते ही ट्रेस हो जाता है। निघासन पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों में भरोसा बढ़ा है कि गुम हुआ फोन भी वापस मिल सकता है।
إرسال تعليق