पढ़ुआ-खीरी। पढ़ुआ थाना पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में फरार चल रहे वांछित आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी रॉबिन अली पुत्र मैकू निवासी ग्राम ढखेरवा खालसा थाना पढ़ुआ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। पढ़ुआ थाना क्षेत्र में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को यह सफलता मिली। क्षेत्राधिकारी निघासन के पर्यवेक्षण और थाना प्रभारी पढ़ुआ के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा आरोपी की तलाश की जा रही थी। दरअसल, थाना सिंगाही क्षेत्र के ग्राम सिंगाही देहात निवासी शहनाज पुत्री सिराजुद्दीन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। परिजनों की तहरीर पर मृतका के पति रॉबिन अली, ननद रुखसाना, भाई छोटू, ससुर मैकू, बहनोई इकबाल व सास के विरुद्ध पढ़ुआ थाने में दहेज उत्पीड़न व दहेज हत्या के संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस टीम द्वारा लगातार दबिश दी जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित आरोपी रॉबिन अली ढखेरवा खालसा क्षेत्र में मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने ढखेरवा खालसा तिराहा गन्ना सेंटर के पास घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर अवैध तमंचे से फायर कर दिया और भागने का प्रयास किया। आत्मरक्षा और आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सीडी डीलक्स बरामद हुई है। घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल खीरी भेजा गया है। पढ़ुआ थाना प्रभारी मोहित पुंडीर ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी दहेज हत्या के मामले में वांछित था। और पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश कर रहा था। बरामदगी के संबंध में अलग से मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से कई शिकायतें दर्ज हैं।
दहेज हत्या के आरोपी वांछित बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, तमंचा व बाइक बरामद
Tarai Ki Aawaj
0
Post a Comment