Top News

सड़क सुरक्षा पर सीएम योगी सख्त, कहा- स्टंटबाजी और नशे में ड्राइविंग बर्दाश्त नहीं, बार-बार चालान पर होगी कठोर कार्रवाई

अधिकारियों के साथ बैठक करते मुख्यमंत्री
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आज सोमवार को लखनऊ में सड़क सुरक्षा को लेकर उच्चस्तरीय बैठक हुई। बैठक में सीएम योगी ने सड़क हादसों पर चिंता जताते हुए सभी संबंधित विभागों को कड़े दिशा-निर्देश दिए। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे लिए प्रत्येक व्यक्ति का जीवन महत्वपूर्ण है। सड़क दुर्घटनाओं में हो रही मृत्यु देश व राज्य की क्षति हैं। ये दुर्घटनाएं अधिकांशतः जागरूकता के अभाव में होती हैं, इसलिए सभी जनपदों में सड़क सुरक्षा से संबंधित विशेष अभियान चलाए जाएं।
सीएम योगी के प्रमुख निर्देश
जवाबदेही तय होगी
शासन स्तर पर सड़क सुरक्षा को लेकर पाक्षिक बैठक कर कार्यों की प्रगति का मूल्यांकन किया जाए। संबंधित विभागीय अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।
स्टंटबाजी पर रोक
सड़कों पर स्टंटबाजी, ओवर स्पीड तथा नशे में वाहन संचालन किसी भी दशा में स्वीकार नहीं है। ऐसा करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो।
बार-बार चालान पर सख्ती
 यदि किसी वाहन का बार-बार चालान हो रहा है तो उस पर कठोरतम कार्रवाई की जाए।
बसों की फिटनेस जरूरी
परिवहन निगम सुनिश्चित करे कि सही फिटनेस वाली बसें ही सड़कों पर चलें। चालकों-परिचालकों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण हो।
जनजागरूकता पर जोर
चौराहों, टोल प्लाजा, व्यस्त मार्गों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम से यातायात नियमों की जानकारी दी जाए। सीट बेल्ट, हेलमेट व अन्य सुरक्षा मानकों के लिए जागरूकता कार्यक्रम चलें।
ब्लैक स्पॉट खत्म होंगे
प्रदेश की सड़कों के ब्लैक स्पॉट चिह्नित कर तय समय में उनका निराकरण किया जाए। उपयुक्त स्थलों पर साइनेज लगें और चौराहों पर टेबलटॉप स्पीड ब्रेकर बनें।
मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि सड़क सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। हर जान कीमती है और इसे बचाना सरकार की प्राथमिकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post