लखीमपुर-खीरी। जनपद खीरी स्थित पुलिस लाइन सभागार में गुरुवार को अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) एवं प्रभारी मिशन शक्ति सेल की अध्यक्षता में मिशन शक्ति अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें जिले के सभी थानों पर संचालित मिशन शक्ति केंद्रों के प्रभारीगण और महिला आरक्षियां शामिल रहीं।
गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) ने मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों पर विस्तार से चर्चा करते हुए महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि मिशन शक्ति केंद्रों पर तैनात सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाएं और महिलाओं व बालिकाओं से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का त्वरित एवं संवेदनशील समाधान करें।
प्रभारी मिशन शक्ति सेल ने महिला आरक्षियों को निर्देशित किया कि वे विद्यालयों, कॉलेजों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर नियमित रूप से जागरूकता कार्यक्रम चलाएं। साथ ही महिलाओं और बालिकाओं को हेल्पलाइन नंबर 1090, 112 आदि तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दें। सोशल मीडिया के माध्यम से भी जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
गोष्ठी के दौरान महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई करने और पीड़िताओं को आवश्यक चिकित्सा, विधिक एवं मनोसामाजिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही, प्रत्येक थाना स्तर पर मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत की गई गतिविधियों का अभिलेखीकरण एवं फोटोग्राफी कर नियमित रूप से उच्चाधिकारियों को भेजने के निर्देश भी दिए गए।
अंत में सभी प्रभारीगण एवं महिला आरक्षियों से अपील की गई कि वे मिशन शक्ति अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें तथा इसके उद्देश्यों को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दें।
Post a Comment