सिंगाही-खीरी। थाना क्षेत्र के ग्राम सिन्हौना में 500 रुपये के जाली नोट चलने का मामला सामने आया है। जानकारी मिलते ही सिंगाही पुलिस सक्रिय हो गई और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
ग्राम पंचायत सिन्हौना निवासी सबीना ने सिंगाही थाने में तहरीर देकर बताया कि वह गांव में खोखे पर किराने की दुकान चलाती हैं, जबकि उनके पति मुर्गे का मांस बेचते हैं। गुरुवार को गांव निवासी चुन्ना कहार का बड़ा बेटा (नाम अज्ञात) उनकी दुकान पर आया और 500 रुपये का नोट देकर खाने का तेल खरीदा। इसके बाद उसने उनके पति से मीट खरीदते समय भी 500 रुपये का नोट दिया और सामान लेकर चला गया।
बाद में जब कुतुबुद्दीन पेट्रोल पंप पर मोटरसाइकिल में पेट्रोल भरवाने पहुंचे और वही नोट दिया, तो पंप कर्मचारियों ने उसे नकली बताते हुए लेने से इनकार कर दिया। यह सुनकर उनके होश उड़ गए।
शुक्रवार को सबीना ने थाने पहुंचकर घटना की तहरीर दी। सूचना पर एसआई आशुतोष सिंह पुलिस टीम के साथ सिन्हौना पहुंचे और आरोपी के घर दबिश दी, लेकिन पता चला कि परिवार घर पर मौजूद नहीं है।
प्रभारी थानाध्यक्ष आशुतोष सिंह ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।
तराई की आवाज से प्रेम प्रकाश बाजपेयी के साथ मसरूर खान की रिपोर्ट
Post a Comment