Top News

झुंझुनूवाले विष्णु अवतारी बाबा गंगाराम का विराट आराधना महोत्सव


तिकुनियां-खीरी। बाबा गंगाराम सेवा समिति, तिकुनिया के तत्वावधान में झुंझुनूवाले विष्णुअवतारी बाबा गंगारामजी का विराट ‘आशीर्वाद महोत्सव’ रविवार 25 अक्टूबर को विभिन्न कार्यक्रमों के साथ आयोजित किया जाएगा। जिसमे देश के विभिन्न भागों से श्रद्धालु भक्तगण यहाँ पधारेंगें।

   तिकुनिया के शिवा पैलेस में आयोजित इस कार्यक्रम में दोपहर 2 बजे विराट शोभायात्रा, नृत्य नाटिका सहित विशाल भजन संध्या, अखंड ज्योत, छप्पन भोग एवं प्रसाद का आयोजन किया जायेगा। 

   मुंबई के सुप्रसिद्ध भजन गायक राकेश बावलिया और एकता केसर अपनी टीम के साथ भजनों की प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा कोलकाता के सुप्रसिद्ध भास्कर ग्रुप द्वारा झुन्झुनुवाले बाबा गंगाराम जी की लीला पर आधारित भावपूर्ण नृत्य नाटिका एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रदर्शित की जाएगी।  बरेली के मशहूर कारीगर बाबा गंगाराम जी के धाम- श्री पंचदेव मंदिर झुंझुनू की प्रतिकृति का मनमोहक श्रृंगार पुष्पों से सुसज्जित करेंगे, जिसमे बाबा गंगाराम सहित भगवान शंकर, हनुमानजी, देवी दुर्गा, महालक्ष्मी, भक्त शिरोमणि देवकीनंदन एवं शक्ति स्वरूपा माता गायत्री की प्रतिमाओं का बहुत अद्भुत श्रृंगार सजाया जाएगा।

  ज्ञात हो कि राजस्थान के झुंझुनू नगर में विष्णु अवतारी बाबा गंगाराम का पावन धाम श्री पंचदेव मंदिर के नाम से विख्यात है। प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु अपनी मनोकामना पूर्ति हेतु बाबा के धाम में जाते हैं एवं श्रद्धा सुमन अर्पित करते हैं. बाबा के अनगिनत चमत्कारों से इनकी महिमा स्वतः ही चारों ओर फैल रही है। जनकल्याण के लिए प्रगट हुए बाबा गंगाराम ने दिव्य स्वप्नादेश द्वारा अपने परम आराधक भक्त शिरोमणि देवकीनंदन को अलौकिक शक्तियां प्रदान की थी। भक्त देवकीनंदन  एवं माता गायत्री देवी ने त्याग-तपस्या और भक्ति का इतिहास रचते हुए झुंझुनू में सन 1975 में श्री पंचदेव मंदिर की स्थापना की थी. प्रतिवर्ष ज्येष्ठ शुक्ल दशमी (गंगा दशहरा) को मंदिर में मेले का आयोजन होता है। विश्व कल्याण हेतु प्रकट हुए बाबा गंगाराम की ज्योति आज देश विदेश के घर-घर में जग रही है।

         समारोह में भजनों की पुस्तकें, फोटो, बाबा की धार्मिक पुस्तके एवं साहित्य वितरित किया जाएगा साथ ही बाबा के परम आराधक भक्त शिरोमणि देवकीनन्दन के महाप्रयाण के समय हुए चमत्कारों के छाया-चित्र की प्रदर्शनी लगायी जाएगी और मंदिर की कल्याणकारी रज भी वितरित की जाएगी।

  समिति की ओर से महोत्सव की जोरदार तैयारियां की जा रही है।




Post a Comment

أحدث أقدم