लखीमपुर खीरी। लगातार हो रही बारिश के बीच नीमगांव थाना क्षेत्र के रहमतपुर गांव में देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। कच्ची दीवार अचानक भरभराकर गिरने से उसके नीचे छप्पर के नीचे सो रहा परिवार दब गया। हादसे में पति-पत्नी और उनके आठ वर्षीय बेटे की मौत हो गई। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है।
रहमतपुर निवासी मोहन कश्यप (50) अपनी पत्नी कविता कश्यप (45) और आठ वर्षीय बेटे नानू कश्यप के साथ घर में छप्पर के नीचे सो रहे थे। रात में बारिश के दौरान अचानक पास की कच्ची दीवार भरभराकर उनके ऊपर जा गिरी। अचानक हुए हादसे से परिवार को संभलने तक का मौका नहीं मिला और तीनों मलबे के नीचे दब गए।
दीवार गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने तत्काल मलबा हटाने का काम शुरू किया और घटना की जानकारी पुलिस तथा प्रशासन को दी। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सब्बन की सूचना पर क्षेत्रीय लेखपाल अनुज वर्मा और सिकंदराबाद चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
पुलिस और ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर तीनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिवार के तीन सदस्यों के शव देखकर परिजनों में कोहराम मच गया।
ग्रामीणों के मुताबिक परिवार कच्चे मकान में रह रहा था। बारिश के कारण कच्ची दीवार कमजोर हो गई थी, जो देर रात अचानक ढह गई। घटना के बाद राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
एक साथ तीन मौतों से गांव में मातम
जिस घर में रात तक परिवार के सदस्य साथ सो रहे थे, वहां सुबह चीख-पुकार गूंज रही थी। आठ साल के मासूम समेत पति-पत्नी की मौत ने पूरे गांव को झकझोर दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाने और क्षेत्र में जर्जर व कच्चे मकानों का सर्वे कराने की मांग की है।

إرسال تعليق