सिंगाही लखीमपुर खीरी। वामन द्वादशी महोत्सव के तहत कस्बे के गुड़ मंडी मैदान में चल रहे कबड्डी टूर्नामेंट के तीसरे दिन सोमवार को पांच मुकाबले खेले गए। इनमें महिला टीमों के बीच भी रोमांचक मुकाबला हुआ। महिला खिलाड़ियों के शानदार दांवपेच और दमदार प्रदर्शन ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
पहले मुकाबले में तंबौर की टीम ने निघासन को 34-27 के अंतर से हराया। तंबौर ने 34 अंक जुटाए, जबकि निघासन की टीम 27 अंक ही हासिल कर सकी। दूसरे मुकाबले में महिला वर्ग में यूथ निघासन की टीम ने एमकेएम पब्लिक स्कूल सिंगाही को कड़े मुकाबले में 35-33 से हराया। यूथ निघासन ने 35 अंक हासिल किए, जबकि एमकेएम की टीम 33 अंक ही बना सकी।
तीसरे मुकाबले में बालपुर उत्तराखंड की टीम ने एमकेएम पब्लिक स्कूल सिंगाही को 40-9 के बड़े अंतर से शिकस्त दी। चौथे मुकाबले में परगना क्लब खैरीगढ़ बी ने संपूर्ण नगर की टीम को 10 अंको से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। पांचवें मुकाबले में रमपुरवा बहराइच और बाला जी नौरंगाबाद की टीम आखरी समय तक बराबर रही । उसके बाद टीमों को पांच पांच रेड दी गई। जिसमें रमपुरवा बहराइच ने दो अंकों से बाला जी नौरंगाबाद टीम को हराया।
महिला और पुरुष मुकाबलों के दौरान मुख्य अतिथि भाजपा नेता अंशुल दीक्षित और विशिष्ट अतिथि भाजपा नेता बालकुमार वर्मा व पूर्व सभासद जोगिंदर शाक्य ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर टॉस कराया। इसके बाद मुकाबलों का शुभारंभ हुआ। मैच देखने के लिए बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मैदान पर पहुंचे। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया।
इस दौरान सुशील कटियार, पैकरमा गुप्ता, टूर्नामेंट अध्यक्ष अमन साहनी, महामंत्री महेश कश्यप, कोषाध्यक्ष प्रमोद दिवाकर समेत बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।

إرسال تعليق