Top News

पीडब्ल्यूडी की बंद पुलिया बनी समस्या की जड़, प्रधान प्रतिनिधि बोले कई बार की गई मांग, नहीं हुआ समाधान

मझगईं (लखीमपुर खीरी)। क्षेत्र की ग्राम पंचायत छेदुई पतिया में जिम्मेदार विभागों की लापरवाही का खामियाजा स्कूली बच्चों को भुगतना पड़ रहा है। छेदुई पतिया चौराहे पर स्थित माध्यमिक शिक्षा परिषद के कंपोजिट विद्यालय का पूरा परिसर बरसात के पानी से तालाब में तब्दील हो गया है। विद्यालय के मुख्य गेट से प्रवेश करते ही इंटरलॉकिंग पर करीब डेढ़ फीट तक पानी भरा रहता है, जिससे छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विद्यालय परिसर में स्थापित ओपन जिम के आसपास भी जलभराव है। अवकाश (इंटरवल) के दौरान बच्चे इसी पानी के बीच खेलते हैं, जिससे उनमें संक्रमण फैलने का खतरा लगातार बना हुआ है।
विद्यालय के शिक्षक मोहम्मद मुख्तार ने बताया कि पूरे बरसात के मौसम में स्कूल परिसर में जलभराव की समस्या बनी रहती है। एक कक्षा से दूसरी कक्षा तक जाने के लिए बच्चों और शिक्षकों को पानी से होकर गुजरना पड़ता है।
इस संबंध में प्रधान प्रतिनिधि इकराम अली ने बताया कि पहले विद्यालय में जलभराव की समस्या नहीं थी। लेकिन लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा सड़क की ऊंचाई बढ़ाने के दौरान विद्यालय के पानी की निकासी वाली पुलिया बंद कर दी गई, जिसके बाद से यह समस्या लगातार बनी हुई है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में अवर अभियंता पी.के. सरोज से नई पुलिया बनवाने की मांग कई बार की जा चुकी है, लेकिन विभाग की ओर से अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।
लगातार जलभराव और गंदे पानी से होकर रोजाना विद्यालय आने-जाने के कारण बच्चों में संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ता जा रहा है। हाल ही में एक छात्रा की शिकायत पर सड़क का निरीक्षण करने पहुंचे जिलाधिकारी से अब विद्यालय के बच्चों और ग्रामीणों को भी इस समस्या के शीघ्र समाधान की काफी उम्मीदें हैं।
रिपोर्ट: शिव आसरे गुप्ता

Post a Comment

أحدث أقدم