निघासन-खीरी। निघासन विधानसभा क्षेत्र में बाढ़ और जलभराव की समस्या को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री राजा राजेश्वर सिंह ने शनिवार को प्रेस वार्ता में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में बाढ़ नियंत्रण और जल निकासी को बेहतर बनाने के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी और सिंचाई विभाग के अधिकारियों से कई बार भेंट की है। उनके प्रयासों से तमोलिनपुरवा के पास लगभग 3 किलोमीटर का अस्थायी बांध बनाया गया है, जिससे निघासन व धौरहरा के कई गांवों को राहत मिली है।
राज राजेश्वर सिंह ने बताया कि ठाकुरपुरवा रपटे और मंडल फार्म के पास बंद नाले की सफाई कराई गई। ढखेरवा रपटे पर सुरक्षा के लिए रेलिंग और 2 पुलियों का निर्माण भी हुआ। लालबोझी में तिरगुड़िया व अस्थायी बांध बनवाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले 15 वर्षों से बाढ़ के दौरान प्रभावित गांवों में ट्रैक्टर और नावों के माध्यम से लंच पैकेट वितरित किए जा रहे हैं। ठाकुरपुरवा रपटा पुल की मांग भी सरकार से की गई है।
प्रेस वार्ता में उन्होंने बताया कि सिंचाई विभाग की उच्च स्तरीय टीम ने हाल ही में क्षेत्र का निरीक्षण किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन कार्यों से निघासन क्षेत्र में बाढ़ नियंत्रण और आवागमन व्यवस्था और मजबूत होगी।

إرسال تعليق