सिंगाही-खीरी। थाना क्षेत्र के ग्राम सिन्हौना में ग्रामीणों ने एक व्यक्ति पर मंदिर परिसर में लगा चंदन का पेड़ काटने तथा आम के फलदार पेड़ों की डालें कटवाने का आरोप लगाते हुए सिंगाही पुलिस को तहरीर दी है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस और वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्राम सिन्हौना निवासी गया प्रसाद, कमलेश गुप्ता, पूरन, राजू गुप्ता सहित दो दर्जन से अधिक ग्रामीणों द्वारा दी गई तहरीर में बताया गया है कि गांव में स्थित दुर्गा माता मंदिर की मेड़ से सटा हुआ एक खेत है। ग्रामीणों का आरोप है कि खेत स्वामी जमील ने शनिवार को मंदिर परिसर की मेड़ पर लगा चंदन का पेड़ कटवा दिया तथा पास में खड़े आम के फलदार पेड़ों की डालें भी कटवा दीं।
घटना को लेकर गांव के लोगों में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने मामले में कार्रवाई की मांग की है।
तहरीर मिलने के बाद थाना सिंगाही के उपनिरीक्षक केसरी तिवारी ने वन विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
प्रभारी निरीक्षक दिलीप चौबे ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
إرسال تعليق