Top News

दुबहा में बड़ा हादसा टला, अनियंत्रित कार पानी से भरे गड्ढे में पलटी; पांच लोगों को युवकों ने बचाया


 

निघासन (लखीमपुर खीरी)। दुबहा के पास दुर्गापुरवा मोड़ पर मंगलवार को तेज रफ्तार मारुति स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी से भरे गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे के समय कार में एक महिला समेत पांच लोग सवार थे। कार के पानी में गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई।

हादसे के तुरंत बाद वहां से गुजर रहे रमाकांत दीक्षित और सचेत मौर्य ने बिना देर किए बचाव अभियान शुरू किया। दोनों युवक पानी में उतर गए और कड़ी मशक्कत के बाद कार का दरवाजा खोलकर उसमें फंसे पांचों लोगों को बाहर निकाल लिया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, युवकों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।

पानी में डूबने से एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से महिला को निघासन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

हादसे की सूचना फैलते ही दुर्गापुरवा मोड़ पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और राहगीर जुट गए। लोगों ने कार को पानी से बाहर निकालने में मदद की। पांच लोगों की जान बचाने वाले रमाकांत दीक्षित और सचेत मौर्य की स्थानीय लोगों ने सराहना की।

Post a Comment

Previous Post Next Post